10/06/2026
केंद्रीय विश्वविद्यालय दक्षिण बिहार में ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का शुभारंभ
गया, 10 जून 2026 (बुधवार)। केंद्रीय विश्वविद्यालय दक्षिण बिहार (CUSB) में कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का शुभारंभ किया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा ग्रीष्मावकाश के दौरान उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर के अंतर्गत बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं हॉकी को शामिल किया गया है। बास्केटबॉल के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी प्रशिक्षक अभिनव आनंद एवं सोनू कुमार को सौंपी गई है। वहीं वॉलीबॉल का प्रशिक्षण अनंत सांडिल्य एवं चंदन कुमार द्वारा प्रदान किया जा रहा है। हॉकी खेल के लिए विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक जे.पी. सिंह तथा मोहित बरंगर बच्चों को प्रशिक्षण देंगे।
यह संपूर्ण ग्रीष्मकालीन खेल शिविर विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक (खेल) जितेंद्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। उनके निर्देशन में शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं, जिससे प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की खेल एवं खेलकूद समिति के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी बच्चों को अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह शिविर बच्चों के भीतर खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को विद्यार्थियों और उनके परिवारों के लिए एक सकारात्मक प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। शिविर में भाग लेने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने भी विश्वविद्यालय की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
05/06/2026