12/10/2024
टेस्ट क्रिकेट में 500 रन एक ऐसा नंबर है जहां आपकी टीम पहुंच जाए तो आमतौर पर हारती नहीं है। यो तो आपकी टीम जीतती है या फिर मुकाबला ड्रॉ होता है। आंकड़े इस धारणा की पुष्टि करते हैं। अब तक 635 बार किसी टीम ने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 500 या इससे ऊपर का स्कोर बनाया है। इसमें सिर्फ 19 बार ऐसा करने वाली टीम मैच हारी है। यानी 500 रन बनाने के बाद मैच 97% उम्मीद कर सकते हैं कि टीम हारेगी नहीं।
जिन 3% मौकों पर 500 रन बनाने वाली टीमें हारी हैं उनसे जुड़े कुछ फैक्ट्स देख लेते हैं।
- पाकिस्तान पांच बार टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 500+ रन बनाने के बावजूद है। पूरी दुनिया मिलकर 19 बार और पाकिस्तान अकेले पांच बार। लगभग असंभव को संभव कर देने की ऐसी अद्भुत जिम्मेदारी का एक चौथाई भार हमारे पड़ोसियों ने अकेले संभाल रखा है।
- ऑस्ट्रेलिया तीन बार 500 रन बनाने के बावजूद हारा है। भारत, इंग्लैंड, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड दो-दो बार ऐसी हार झेल चुके हैं। साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के साथ भी 1-1 बार यह दुर्घटना हो चुकी है।
- पारी में 500 से ऊपर का स्कोर बनाकर पारी से हारने का मामला सिर्फ एक बार हुआ है। अभी-अभी हमारे उसी पड़ोसी पाकिस्तान ने यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ मुल्तान टेस्ट में अपने नाम किया है।
- 595 रन सबसे बड़ा स्कोर है जिसे बनाने के बावजूद कोई टीम हारी है। यह जलालत बांग्लादेश के हिस्से आई है। 2017 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ हमारे पूरब के पड़ोसियों ने 596/8 के स्कोर पर पारी घोषित की थी। न्यूजीलैंड ने यह मैच सात विकेट से जीता था।
- 556 वह मनहूस नंबर जिसे बनाने वाली टीम तीन बार टेस्ट मैच हारी है। 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ एडिलेड में 556 रन बनाए थे। अपने द्रविड़ द वॉल ने इस मैच में डबल सेंचुरी जमाई थी और अजीत अगरकर ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 6 विकेट लिए थे। भारत 4 विकेट से मैच जीता था। इसके बाद बांग्लादेश की टीम 2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 556 रन बनाकर हारी थी। आखिरी बार पाकिस्तान के साथ ऐसा हुआ है। अभी-अभी मुल्तान में।
- जिन 19 मौकों पर 500 रन खाने वाली टीम ने मैच जीता है उनमें 9 बार यह कारनामा कर इंग्लैंड सबसे आगे है। जिस तरह इंग्लैंड 500 रन बनाकर हारने की चैंपियन है, उसी तरह इंग्लैंड 500 रन खाकर जीतने की चैंपियन है। 6 बार ऑस्ट्रेलिया भी 500 रन खाकर जीत चुका है। भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड 1-1 बार ऐसा कर चुके हैं।
#556